दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत नाजुक, परिवार ने की मंदिर में पूजा-अर्चना

दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत नाजुक, परिवार ने की मंदिर में पूजा-अर्चना

दिल्ली/जमशेदपुर — झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। वह दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में जीवन-रक्षक प्रणाली (लाइफ सपोर्ट) पर भर्ती हैं। रविवार को डॉक्टरों की टीम ने उनका अप्निया टेस्ट करने की तैयारी की, लेकिन फिलहाल इसे स्थगित कर दिया गया है। वरिष्ठ विशेषज्ञों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।इधर, मंत्री के स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर पूरे राज्य में दुआओं का सिलसिला जारी है। उनकी बेटी रेणु सोरेन सहित परिवार के सदस्यों ने बोड़ाम स्थित प्रसिद्ध हाथीखेड़ा मंदिर में पूजा-अर्चना कर उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू और झामुमो नेता सुभाष कर्मकार भी मौजूद रहे।झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाढ़ंगी ने मंत्री की पत्नी सुरजमुनी सोरेन से घोड़ाबांधा स्थित आवास पर मुलाकात की और कहा, “इस कठिन समय में पूरी पार्टी परिवार के साथ खड़ी है। हम सभी प्रभु जगन्नाथ से मंत्रीजी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना कर रहे हैं।”डॉक्टरों के अनुसार, रामदास सोरेन के मस्तिष्क में फिलहाल कोई हलचल नहीं है, हालांकि दिल, किडनी और लीवर जैसे अन्य अंग सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। उनकी जटिल स्वास्थ्य स्थिति और पुरानी बीमारियों को देखते हुए फिलहाल कोई बड़ा ऑपरेशन नहीं किया जा रहा है।

Views: 106

TOTAL VISITOR: 50219257