सुशासन के राज में भी जंगलराज! राजधानी पटना में महिलाओं की सुरक्षा और छात्रों की जान पर सवाल

सुशासन के राज में भी जंगलराज! राजधानी पटना में महिलाओं की सुरक्षा और छात्रों की जान पर सवाल

पटना। बिहार में “सुशासन” के दावों के बीच राजधानी पटना से लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। एक ओर शहर के बीचों-बीच एक मां के साथ छेड़खानी और उसके पति पर जानलेवा हमला होता है, तो दूसरी ओर नौवीं कक्षा के छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। सवाल उठता है—यह कैसा सुशासन है, जहां न महिलाएं सुरक्षित हैं, न बच्चे?

बेटी के साथ जा रही मां से छेड़खानी, पति पर हमला
पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में 12 दिसंबर को हुई शर्मनाक घटना के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 22 वर्षीय सोनू कुमार पर आरोप है कि उसने एक विवाहित महिला का पीछा किया, उसके साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर महिला के पति पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब महिला अपनी बेटी को स्कूल से लेकर घर लौट रही थी।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने एकतरफा प्यार का दावा किया, जिसे महिला ने पूरी तरह खारिज कर दिया। गर्दनीबाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

नौवीं के छात्र की हत्या, तीन नाबालिग हिरासत में
इधर, पटना नगर के मेहंदीगंज इलाके में कक्षा नौ के छात्र अमर कुमार की हत्या का मामला भी सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के तीन नाबालिग दोस्तों को हिरासत में लिया है। एसडीपीओ द्वितीय गौरव कुमार के अनुसार, एक विवाद को लेकर अमर को बुलाया गया और नारायणी गर्ल्स हाई स्कूल के पास उस पर बेरहमी से हमला किया गया।

गंभीर रूप से घायल अमर को एनएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा हुआ है और 2-3 अन्य युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल
राजधानी पटना में महिलाओं के साथ अपराध और नाबालिग छात्र की हत्या ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सुशासन के दावे जमीनी हकीकत से कितने दूर हैं। क्या यही वह “सुशासन” है, जहां मां-बेटी सड़क पर सुरक्षित नहीं और स्कूल जाने वाले छात्र की जान भी महफूज नहीं?

Views: 127

TOTAL VISITOR: 50219169