मुजफ्फरनगर में मस्जिद के मुअज्ज़िन का वायरल वीडियो बना कानून-व्यवस्था का मुद्दा, दरोगा को हत्या की धमकी पर FIR दर्ज

मुजफ्फरनगर में एक मस्जिद के मुअज्ज़िन द्वारा पुलिसकर्मी की गर्दन काटने की वायरल धमकी ने जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया है। सोशल मीडिया पर फैले इस वीडियो ने दो दिनों से चले आ रहे मस्जिद में अजान की आवाज़ को लेकर विवाद को और गंभीर बना दिया। मामला तूल पकड़ते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुअज्ज़िन के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अजान की आवाज़ को लेकर विवाद से शुरू हुआ मामला

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मदीना चौक स्थित मदीना मस्जिद की है। दो दिन पहले मस्जिद के मुअज्ज़िन मोहम्मद इरफान ने कच्ची सड़क चौकी इंचार्ज विनोद चौधरी पर आरोप लगाए थे कि उन्होंने अजान के समय तेज आवाज़ को लेकर बदसलूकी की और मारपीट की। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें दावा किया गया कि दरोगा मुअज्ज़िन को मस्जिद से बाहर खींचकर लाए और धक्का-मुक्की की।
इस घटना के बाद जमीयत उलेमा-ए-हिंद के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर दरोगा पर कार्रवाई की मांग की थी।

नए वीडियो में ‘गर्दन काटने’ की धमकी ने बढ़ाया तनाव

इसी बीच एक और वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें मोहम्मद इरफान जमीयत कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए अचानक दरोगा की गर्दन काटने की धमकी देते दिखे। वीडियो में उनका बयान साफ-साफ सुना जा सकता है, जिसने पुलिस को तत्काल सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया।

वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मोहम्मद इरफान के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी का अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि पुलिसकर्मी के खिलाफ लगाए गए पूर्व आरोपों की जांच जारी है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में पुलिस को धमकी देना गंभीर अपराध है।

पुलिस अधिकारियों ने दी सफाई

सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि X (सोशल मीडिया) पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति पुलिसकर्मी की हत्या की धमकी देता स्पष्ट दिख रहा है। इसी आधार पर सिविल लाइंस थाना में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि दरोगा द्वारा दिए गए निर्देश सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुरूप थे, जबकि मुअज्ज़िन के लगाए गए आरोप अब तक निराधार पाए गए हैं। धमकी जैसे कृत्य पर सख्त कार्रवाई आवश्यक थी, इसलिए FIR दर्ज की गई है।

Views: 134

TOTAL VISITOR: 50219166