नेपाल में सत्ता संकट: पीएम केपी ओली ने दिया इस्तीफ़ा, सेना ने संभाली बागडोर

नेपाल में सत्ता संकट: पीएम केपी ओली ने दिया इस्तीफ़ा, सेना ने संभाली बागडोर

काठमांडू। नेपाल में सोशल मीडिया बैन के खिलाफ भड़के जनआंदोलन ने आखिरकार प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की कुर्सी छीन ली। लगातार बेकाबू होते हालात के बीच सोमवार देर रात ओली ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उनका इस्तीफ़ा मंज़ूर कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, नेपाल की सेना ने ओली से स्पष्ट शब्दों में कहा था कि हालात काबू से बाहर हैं और सत्ता छोड़ना ही एकमात्र विकल्प है।

सेना का दबाव और संसद में आगजनी

नेपाल की संसद भवन को प्रदर्शनकारियों ने आग के हवाले कर दिया, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई। सेना ने साफ संकेत दिया कि अगर प्रधानमंत्री इस्तीफ़ा देंगे तो वह कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए तैयार है। इससे पहले ओली ने नेपाली सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल से मुलाकात की थी और उनसे सुरक्षा व हालात संभालने में सहयोग मांगा था।

पीएम ओली की अपील

इस्तीफ़े से पहले राष्ट्र के नाम संबोधन में ओली ने कहा—
“मैं देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों और हिंसा से दुखी हूं। हमारी नीति हमेशा बातचीत और शांति की रही है। मैं सभी राजनीतिक दलों से शाम 6 बजे बैठक कर स्थिति का समाधान खोजने की अपील करता हूं। मैं नागरिकों से आग्रह करता हूं कि इस मुश्किल समय में शांति बनाए रखें।”

नेपाल का भविष्य अनिश्चित

प्रधानमंत्री का इस्तीफ़ा और संसद में आगजनी ने नेपाल को गंभीर राजनीतिक संकट में धकेल दिया है। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि सेना अस्थायी रूप से सत्ता अपने हाथों में लेती है या कोई सर्वदलीय राजनीतिक व्यवस्था बनती है। विपक्षी दल पहले ही नए चुनाव की मांग कर चुके हैं।

Views: 97

TOTAL VISITOR: 50219402