मां-बेटे समेत दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, 21 किलो से ज्यादा गांजा बरामद.

मां-बेटे समेत दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, 21 किलो से ज्यादा गांजा बरामद.

बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद से गांजा तस्करी के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। नेपाल बॉर्डर से होने वाली शराब और गांजे की अवैध तस्करी अब बॉर्डर इलाकों के युवाओं और ग्रामीणों के लिए कमाई का जरिया बन चुकी है। हालांकि पुलिस और एसएसबी लगातार छापेमारी कर तस्करों पर नकेल कस रही है।

ताजा मामला सीतामढ़ी जिले के भुतही थाना क्षेत्र का है। थानाध्यक्ष चन्द्रगुप्त कुमार को गुप्त सूचना मिली कि एनएच-22 पर परसा गांव मोड़ के पास एक महिला और एक युवक काले बैग में गांजा लेकर खड़े हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को खदेड़कर पकड़ लिया।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान जगिया देवी (48 वर्ष) और उनके बेटे विनेक कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सोनबरसा थाना क्षेत्र के हनुमान नगर लालबन्दी दरबार, वार्ड नं. 04 के निवासी हैं।

जांच के दौरान जगिया देवी के बैग से 10.960 किलोग्राम गांजा और विनेक कुमार के बैग से 10.700 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल मिलाकर पुलिस ने 21.640 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।

पुलिस ने मां-बेटे दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों का कहना है कि बॉर्डर इलाके में लगातार अभियान चलाकर ऐसे गोरखधंधे में शामिल लोगों को पकड़ा जाएगा।

? शराबबंदी की मांग महिलाओं की आवाज पर उठी थी, लेकिन अब उन्हीं में से कुछ के इस धंधे में शामिल होने से पुलिस और प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।

Views: 204