सारंडा जंगल दहला, IED ब्लास्ट में CRPF इंस्पेक्टर सहित 3 जवान जख्मी, नक्सलियों ने उड़ाया पुलिया,

सारंडा जंगल दहला, IED ब्लास्ट में CRPF इंस्पेक्टर सहित 3 जवान जख्मी, नक्सलियों ने उड़ाया पुलिया,

चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में शुक्रवार शाम नक्सलियों ने एक के बाद एक दो बड़ी वारदातों को अंजाम देकर फिर से अपनी खूनी मौजूदगी का अहसास कराया है। पहले IED ब्लास्ट कर CRPF के इंस्पेक्टर समेत तीन जवानों को घायल किया गया, फिर दूसरी जगह पुलिया को विस्फोट से उड़ा दिया गया। इलाके में दहशत का माहौल है।

CRPF पर घातक हमला, विधायक के भाई भी घायल

घटना जराईकेला थाना क्षेत्र के बाबूडेरा इलाके की है, जहां सुरक्षाबल नक्सल विरोधी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया। इस हमले में CRPF की 60 बटालियन के इंस्पेक्टर के.के. मिश्रा, जवान रामकृष्ण घाघराई और मंटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। खास बात यह है कि घायल रामकृष्ण, खरसावां के विधायक कृष्ण गागरे के भाई हैं।

इलाके में हड़कंप, मेडिकल टीम पहुंची मौके पर

घटना के तुरंत बाद मेडिकल टीम को मौके पर भेजा गया और सभी घायलों का इलाज शुरू कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने हमले की पुष्टि की है। वहीं, दूसरी बड़ी वारदात में नक्सलियों ने लैंडमाइन ब्लास्ट कर एक पुलिया को भी उड़ा दिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल बाकी है।

शांति के बाद नक्सली कहर, जंगल में फिर पसरा डर

सारंडा क्षेत्र में पिछले कुछ हफ्तों से शांति बनी हुई थी, लेकिन नक्सलियों की इस खौफनाक हरकत ने एक बार फिर जंगल के सन्नाटे को चीखों में बदल दिया है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

Views: 87

TOTAL VISITOR: 50219252