रांची में गैंगवार की साजिश नाकाम! पुलिस मुठभेड़ में राहुल दुबे गिरोह के दो शूटर घायल, भारी हथियार बरामद

रांची में गैंगवार की साजिश नाकाम! पुलिस मुठभेड़ में राहुल दुबे गिरोह के दो शूटर घायल, भारी हथियार बरामद

रांची (झारखंड): राजधानी रांची के खलारी थाना क्षेत्र में पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के बीच शुक्रवार देर रात एक जबरदस्त मुठभेड़ हुई। किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे इस गैंग के दो शूटर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य को खदेड़कर पकड़ लिया गया।

गैंगवार की तैयारी कर रहा था राहुल दुबे गिरोह

पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के सदस्य खलारी इलाके में बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया और खलारी, ठाकुरगांव व रातू थाना क्षेत्र की सीमा पर दबिश दी गई।

पुलिस को देखते ही शुरू की अंधाधुंध फायरिंग

जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गैंग के दो सक्रिय सदस्य साजन अंसारी और अमित गुप्ता के पैरों में गोली लगी, जिन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। ये दोनों लंबे समय से राहुल दुबे गैंग के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे।

हथियारों का जखीरा बरामद, सघन तलाशी अभियान जारी

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से 8 पिस्टल, दर्जनों कारतूस, मैगजीन और अन्य हथियार बरामद किए हैं। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। साथ ही, आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान जारी है ताकि किसी भी अन्य फरार अपराधी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

ग्रामीणों में दहशत, पर राहत की सांस भी

गोलियों की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया। ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

Views: 75

TOTAL VISITOR: 50219278