झारखंड में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा घोटाला! 11 टेंडर तीन कंपनियों को, बाबूलाल मरांडी ने की जांच की मांग

झारखंड में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा घोटाला! 11 टेंडर तीन कंपनियों को, बाबूलाल मरांडी ने की जांच की मांग

रांची – झारखंड की राजनीति में एक नया विवाद उभर आया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जेम पोर्टल के तहत दिसंबर 2024 से अब तक निकाले गए 11 टेंडर अब सवालों के घेरे में हैं। इन टेंडरों को लेकर गंभीर वित्तीय अनियमितता और गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं।

खुलासा यह है कि सभी 11 टेंडर केवल तीन कंपनियों – Hind Infraproject Pvt. Ltd., M/s Bharat Art & Supplier और M/s Global Arts & Suppliers – को ही दिए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि तीनों कंपनियों का पता एक ही है – Irgu Road, पहाड़ी टोला, रांची। इतना ही नहीं, इन कंपनियों के निदेशक और प्रोप्राइटर भी एक ही परिवार से जुड़े हुए हैं – ख्वाजा अब्दुल गुदिर अहमद बट, ख्वाजा मोहसिन अहमद और फरहान अहमद बट।

यह पैटर्न किसी संयोग से अधिक, एक सुनियोजित हेर-फेर और फर्जीवाड़े की ओर इशारा करता है।

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। अपने पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य विभाग की टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह से संदिग्ध हो चुकी है। मरांडी ने कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड और सार्वजनिक दस्तावेज़ यह साबित करते हैं कि प्रतिस्पर्धा को सीमित कर केवल चुनिंदा कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया।

उन्होंने इसे सिर्फ वित्तीय घोटाला नहीं, बल्कि शासन की पारदर्शिता और संवैधानिक सिद्धांतों पर सीधा हमला बताया है। मरांडी ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो सके।

Views: 162

TOTAL VISITOR: 50219272