झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को रविवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरा फोन कॉल किया। कॉल करने वाले ने अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए मंत्री को जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलते ही मंत्री के निजी सचिव की ओर से बोकारो स्टील सिटी थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
क्या कहा कॉलर ने?
सूत्रों के मुताबिक, रात करीब 11:56 बजे मंत्री अंसारी के मोबाइल पर आए कॉल में अज्ञात शख्स ने कहा – “बस इंतज़ार करो… हम तुम्हें बहुत जल्द उड़ा देंगे।” धमकी भरी यह भाषा सुनते ही मंत्री के स्टाफ ने तुरंत इसकी जानकारी सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को दी।
पहले भी मिली थी धमकी
यह पहली बार नहीं है जब मंत्री को धमकी दी गई हो। कुछ दिन पहले ही एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में डॉ. अंसारी और शहरी विकास मंत्री सुधीव्य कुमार सोनू को 24 घंटे के अंदर बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। उस मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई
एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस ने कॉलर की लोकेशन और पहचान पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और मंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न जिलों की पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री का बयान
डॉ. इरफान अंसारी ने इस धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,
“मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं। कानून अपना काम करेगा और अपराधियों को जल्द ही सज़ा मिलेगी। जनता की सेवा मेरा धर्म है और इसमें कोई बाधा नहीं डालेगा।”
Views: 160
