बरवाडीह, लातेहार। नवरात्रि के दूसरे दिन मंगलवार को झारखंड विधानसभा के सभापति एवं मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह ने बरवाडीह प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से आधा दर्जन से अधिक विकास योजनाओं की आधारशिला रखी।
कार्यक्रम की शुरुआत हेंदेहास स्थित आवासीय विद्यालय परिसर में बहुउद्देशीय भवन के निर्माण कार्य के शिलान्यास से हुई। इस मौके पर विधायक ने पूजा-अर्चना कर विधिवत आधारशिला रखी। उनके साथ जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, सदस्य संतोषी शेखर, बीडीओ रेशमा रेखा मिंज, सीओ लोकेश सिंह, एसडीपीओ भरत राम, थाना प्रभारी अनूप कुमार और सांसद प्रतिनिधि राकेश दुबे समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके बाद विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने हेंदेहास मोड़ पर सड़क निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। साथ ही खुरा पंचायत के बभंडी आरा मिल से देवरी नदी तक, छेचा पंचायत के पोस्ट ऑफिस से कोयल नदी तक, मोरवाई पंचायत में ईश्वरी सिंह के घर से महावीर मंदिर तक तथा हवेली टोला से बिगन सिंह के घर तक सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी महत्वपूर्ण सड़क, भवन, पुल-पुलिया और आवश्यक संरचनाओं का निर्माण तीव्र गति से कराया जा रहा है। सिंह ने यह भी घोषणा की कि क्षेत्र में पुटुआगढ़ टाइगर सफारी की सौगात मिली है, जिसके शुरू होने से रोजगार और पर्यटन की नई संभावनाएं खुलेंगी।
उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले महीनों में भी कई बड़ी योजनाएं सरकार के माध्यम से क्षेत्रवासियों को समर्पित की जाएंगी। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रेम कुमार सिंह, कांग्रेस प्रदेश समन्वयक विजय बहादुर सिंह, नसीम अंसारी, दिलावर अंसारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Views: 242
